हर साल मई 21 को मनाया जाता है अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस, जानिए इसका इतिहास
हर वर्ष मई 21 का दिन अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने अर्थव्यवस्था के साथ-साथ लोगों के जीवन में भी चाय के महत्व को देखते हुए मई 21 को अतंर्राष्ट्रीय चाय दिवस घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार दुनियाभर में पानी के बाद दूसरे नंबर का पेय पदार्थ चाय है। भारत और चीन में चाय संस्कृति का एक अंग है। मिलान में हुई अंतरराष्ट्रीय खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) की बैठक में भारत ने इस प्रस्ताव को पेश किया था। दिसंबर 2019 में संयुक्त राष्ट्र ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया और तभी से अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस हर वर्ष मई 21 को मनाया जा रहा है। इससे पहले भारत, श्रीलंका, नेपाल, वियतनाम, इंडोनेशिया , बांग्लादेश , केन्या , मलावी , मलेशिया , युगांडा और तंजानिया जैसे देशों में दिसंबर 15 को अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस मनाया जाता रहा है। चाय का सबसे अधिक उत्पादन चीन में किया जाता है और इसका सबसे बड़ा निर्यातक देश श्रीलंका है।