
फोटो: Patrika News
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस 2021: क्या है इस वर्ष के प्रेस स्वतंत्रता दिवस का विषय
साल 1993 में संयुक्त राष्ट्र की महासभा ने पहली बार विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाने का फैसला किया था। इसके बाद से ही हर साल मई 03 को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है और इस साल विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस 2021 के लिए यूनेस्को द्वारा 'सूचना एक सार्वजनिक भलाई’ थीम को चुना गया है, जो जनहित कार्यों में सूचना के महत्व को दर्शाता है। UNESCO द्वारा इस दिवस की थीम के जरिये समाचार मीडिया में आर्थिक व्यवहार्यता और इंटरनेट कंपनियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तंत्र को अपनाने की बात की गयी है। अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य प्रेस यानी मीडिया की आजादी के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसके साथ ही यह दिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखने और उसका सम्मान करने की प्रतिबद्धता की बात भी करता है। लोकतंत्र के मूल्यों की सुरक्षा और उसे बहाल करने में मीडिया अहम भूमिका निभाता है। सन 1997 से हर साल इस दिन यूनेस्को द्वारा 'गिलेरमो कानो वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम प्राइज' प्रेस की स्वतंत्रता के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्थान को दिया जाता है।