हर साल जून 5 को मनाया जाता है 'विश्व पर्यावरण दिवस', जानिए इसका महत्व और इतिहास
हर साल की जून 5 के दिन 'विश्व पर्यावरण दिवस' के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनियाभर के नागरिकों को पर्यावरण प्रदूषण की चिंताओं से अवगत कराना और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। विश्व पर्यावरण दिवस के लिए इस साल की थीम 'पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली' (Ecosystem Restoration) है। इसमें हर साल 143 से भी अधिक देश हिस्सा लेते हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से साल 1972 में पर्यावरण प्रदूषण की समस्या को देखते हुए विश्व पर्यावरण दिवस मनाने की नींव रखी गई थी। दुनिया का पहला पर्यावरण सम्मेलन स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आयोजित किया गया था, जिसमें 119 देश शामिल हुए थे। इसी सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की शुरुआत हुई थी और हर साल जून 5 को 'विश्व पर्यावरण दिवस' मनाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद पहला 'विश्व पर्यावरण दिवस' जून 5, 1974 को मनाया गया था।